मुरादाबाद: शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और फिर तमंचे के बल पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने के मामले में छजलैट पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस दबंग और रसूखदार आरोपियों का बचाव कर रही है।
न्याय न मिलने से हताश होकर पीड़िता ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाते हुए मामले की विवेचना किसी अन्य थाने में ट्रांसफर करने की मांग की है।
यह मामला छजलैट थाना क्षेत्र के गांव कुरी रवाना का है। पीड़िता के अनुसार, 10वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही गांव के जुनैद अंसारी पुत्र रईस ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। शादी का झांसा देकर आरोपी लगातार चार साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए, जिन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
समझौते का नाटक और दोबारा दरिंदगी
जब आरोपी शादी से पूरी तरह मुकर गया, तो पीड़िता ने पूर्व में एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, जेल जाने के डर से जुनैद और उसके परिजनों ने शादी का वादा कर समझौते का दबाव बनाया। पीड़िता को झांसे में लेकर पुलिस में बयान दर्ज करा दिए गए, लेकिन जैसे ही पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाई, आरोपी अपने वादे से साफ मुकर गए।
पीड़िता का आरोप है कि बीते 11 जुलाई की शाम करीब 6 बजे जुनैद अंसारी और उसका रिश्ते का भाई जीशान (जो बुलंदशहर में पुलिस सिपाही के पद पर तैनात है) तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए। जीशान बाहर दरवाजे पर पहरा देता रहा, जबकि जुनैद ने तमंचे के बल पर कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिसिया निष्पक्षता पर सवाल
आरोपियों के पिता का इलाके में ईंट और मेडिकल का बड़ा कारोबार है। पीड़िता का आरोप है कि इसी धनबल और रसूख के दम पर छजलैट पुलिस आरोपियों को राहत दे रही है। पुलिस ने बुलंदशहर में तैनात सिपाही जीशान को विवेचना से क्लीन चिट देकर उसका नाम केस से निकाल दिया है, जबकि वह वारदात में बराबर का साझेदार था।
अधिकारियों से विवेचना बदलने की गुहार
छजलैट पुलिस की निष्पक्षता पर अविश्वास जताते हुए पीड़िता ने उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल ने पीड़िता को आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा@शांतनु/INN
