मुरादाबाद। शहर के एक चर्चित कोचिंग सेंटर स्कॉलर डेन को लेकर एक छात्र द्वारा गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कोचिंग की पूरी फीस जमा कराने के बावजूद करीब दो माह से सेंटर बंद पड़ा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले में शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर फीस वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, शिकायतकर्ता का पुत्र प्रताप सिंह उक्त कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर रहा था। पत्र में कोचिंग सेंटर के मालिक विवेक ठाकुर पर आरोप लगाया गया है कि सेंटर के लिए दो वर्ष की फीस के रूप में कई लाख रुपये जमा कराए गए थे। इसके बाद अचानक करीब दो महीने से कोचिंग बंद कर दी गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि सेंटर बंद होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आरोप है कि ऑनलाइन क्लास चलाने की बात कही गई, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था भी कुछ समय बाद बंद हो गई। इसके बाद छात्र दूसरी जगह पढ़ाई करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि फीस वापस मांगने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने कई बार फीस वापस करने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों से भी की गई शिकायत
मामले में शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कोचिंग संचालक से फीस वापस दिलाने तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
शिकायत पत्र पर पुलिस अधिकारी की ओर से कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जाने का उल्लेख भी दिखाई दे रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
प्रकरण में कोचिंग संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है। पक्ष आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी@शांतनु/INN
