प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जबरदस्त विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई, जबकि आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि लगभग 15 लोग अभी भी फैक्ट्री के मलबे में फंसे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
मोहम्मदपुर गांव में हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ, जो प्रयागराज सीमा के पास स्थित है। घटनास्थल से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। धमाके की आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार उठ गया और आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया। पटाखों में आग लगने के चलते कुछ समय तक लगातार धमाके होते रहे।
चारपाइयों पर घायलों को लेकर दौड़े लोग
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सामने आए वीडियो में स्थानीय लोग झुलसे हुए घायलों को चारपाइयों पर लादकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाते नजर आए। कई घायल घटनास्थल के आसपास जमीन पर पड़े हुए दिखाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शी मुनीश कुमार पांडे के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे धमाकों का सिलसिला शुरू हुआ था। उस समय गोदाम में दो दर्जन से अधिक लोगों के मौजूद होने की बात कही जा रही है। अब तक सात लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने मृतकों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
