मुरादाबाद। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें SSP के समक्ष रखीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।

SSP सतपाल अंतिल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उन्हें त्वरित राहत दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए@शांतनु/INN
