मुरादाबाद। लगातार बढ़ते जलस्तर और कोसी नदी के पानी गांवों की ओर पहुंचने से मूढ़ापांडे क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने मूढ़ापांडे क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित भीतखेड़ा सहित विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति, ग्रामीणों की समस्याओं और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और बाढ़ के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने जलभराव, आवागमन और अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि कोसी नदी के पानी के गांवों की ओर पहुंचने के कारण भीतखेड़ा समेत आसपास के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। पानी बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की आवश्यकता होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं, विशेषकर खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने भी ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नदी के जलस्तर और गांवों में पहुंच रहे पानी की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी के बीच अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें@जफर/INN
