मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में किराये को लेकर हुए विवाद की रंजिश में सुरेश सैनी की ईंटों से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी वांछित बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की रात सुरेश सैनी पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सुरेश की ईंटों से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी की तहरीर पर 2 सितंबर को थाना मझोला में मुकदमा अपराध संख्या 960/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 5(3) में अभय, तुषार और विवेक शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने 4 सितंबर को अभय राघव पुत्र मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्राम अजमत नगर ज्योडेरा थाना सोनकपुर का रहने वाला है और वर्तमान में मझोला थाना क्षेत्र के सूर्यनगर में रह रहा था।
पूछताछ में सामने आई विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभय राघव ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले मृतक सुरेश सैनी और उसके साथी तुषार के बीच किराये को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते 1 सितंबर की रात करीब 12 बजे तुषार, अभय और विवेक ने सुरेश पर हमला कर दिया।
आरोप है कि तुषार ने ईंट से सुरेश के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद तीनों ने ईंटों से उसके ऊपर कई वार किए और उसकी हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभय राघव के खिलाफ मझोला थाने में हत्या के वर्तमान मुकदमे के अलावा मारपीट, धमकी और चोरी से संबंधित तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार, निरीक्षक नरेन्द्र कुमार गौड़, कांस्टेबल सुमित कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे@जफर/INN
