भोजपुर धर्मपुर। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा समिति की ओर से भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सैनी वाले मोहल्ले स्थित बस स्टैंड से भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने फीता काटकर किया। इसके बाद विभिन्न आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं और बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके बाल स्वरूप और विभिन्न लीलाओं पर आधारित मनमोहक एवं जीवंत झांकियां प्रस्तुत कीं। झांकियों ने राहगीरों और नगरवासियों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से पूरा नगर कृष्णमय हो गया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। आयोजन समिति और स्थानीय लोगों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा के साक्षी बने। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होकर झांकियों का स्वागत किया।

शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और कस्बा इंचार्ज अनुज कुमार भारी पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर मौजूद रहे और लगातार सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात पर नजर बनाए रखी।
इस दौरान चेयरमैन पुत्र अर्शमान, भजनलाल पाल, अर्पित, अमरजीत, लेखराज सैनी, पंकज सैनी, सभासद तौकीर कुरैशी, रिजवान डीलर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, आयोजन समिति के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

भव्य शोभायात्रा के समापन के बाद भी नगर में देर तक धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल बना रहा। आयोजन ने आपसी सौहार्द, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता की सुंदर तस्वीर पेश की@जफर/INN
