मुरादाबाद। अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस के मंच पर मुरादाबाद के प्रतिभाशाली खिलाड़ी कुणाल अरोड़ा ने एक बार फिर अपने शानदार खेल से देश और शहर का नाम रोशन किया है। कुणाल ने आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर लाहती, फिनलैंड टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सिंगल्स, मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स—तीनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 30 अगस्त 2026 तक लाहती, फिनलैंड में हुआ।
कुणाल ने सिंगल्स वर्ग में अपने पहले मुकाबले में पोलैंड के मार्सिन के खिलाफ कड़ी टक्कर दी, हालांकि उन्हें 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए एस्टोनिया के मार्टिन को एकतरफा अंदाज में 3-0 से शिकस्त दी। ग्रुप के तीसरे मुकाबले में ब्रिटेन के हैनरी के खिलाफ भी कुणाल ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में उन्हें 0-3 से हार मिली।
नंबर-1 सीड जोड़ी को हराकर मचाया तहलका
मेंस डबल्स में कुणाल अरोड़ा ने चेन्नई के खिलाड़ी नितीश के साथ जोड़ी बनाकर हिस्सा लिया। पहले मुकाबले में स्वीडन की फेलिक्स एवं डोमिनिक की जोड़ी से 1-3 की हार के बाद भारतीय जोड़ी ने जबरदस्त पलटवार किया।
अपने ग्रुप के नंबर-1 सीड पोलैंड के वर्टॉसिक एवं कामिल की जोड़ी के खिलाफ भारतीय जोड़ी ने असाधारण जुझारूपन दिखाया। मुकाबले के शुरुआती दो सेट गंवाने के बाद कुणाल और नितीश ने हार नहीं मानी और लगातार तीन सेट जीतकर 3-2 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इसके बाद तीसरे मुकाबले में एस्टोनिया के पॉल एवं मार्टिन की जोड़ी को भी भारतीय टीम ने 3-0 से एकतरफा शिकस्त दी। हालांकि ग्रुप में अंकों की बराबरी और बेहद मामूली अंतर के कारण कुणाल और नितीश की जोड़ी अगले चरण में जगह बनाने से चूक गई।
मिक्स्ड डबल्स में भी नंबर-1 सीड जोड़ी को दी मात
मिक्स्ड डबल्स में कुणाल अरोड़ा ने हरियाणा की महक कौर के साथ जोड़ी बनाकर भारतीय चुनौती पेश की। इस वर्ग में भारतीय जोड़ी ने अपने पहले ही मुकाबले में बड़ा उलटफेर करते हुए टूर्नामेंट की नंबर-1 सीड स्लोवेनियाई जोड़ी लुका एवं कैरिन को 3-1 से हराकर सनसनी मचा दी।
कुणाल और महक की जोड़ी ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास, संयम और आक्रामक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि दूसरे मुकाबले में चेक रिपब्लिक की टॉमस एवं नीला की जोड़ी से भारतीय जोड़ी को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।
पदक से चूके, लेकिन प्रदर्शन ने जीता दिल
कुणाल अरोड़ा ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिंगल्स, मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स—तीनों वर्गों में अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का शानदार परिचय दिया। कई मुकाबलों में उन्होंने विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी और दो अलग-अलग वर्गों में टूर्नामेंट की नंबर-1 सीड जोड़ियों को हराकर अपनी क्षमता साबित की।
हालांकि बेहद मामूली अंकों और टाई-ब्रेक के अंतर के कारण कुणाल पदक हासिल करने से चूक गए, लेकिन उनका प्रदर्शन निश्चित रूप से भारतीय पैरा टेबल टेनिस के लिए उत्साहजनक रहा।
18 भारतीय खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
लाहती फिनलैंड में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम की विभिन्न श्रेणियों में कुल 18 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के साथ 6 अधिकारी, कोच, मैनेजर एवं फिजियोथेरेपिस्ट भी भारतीय दल का हिस्सा रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हुए टीम भावना का परिचय दिया।
मुरादाबाद के कुणाल अरोड़ा का यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन उनके निरंतर संघर्ष, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। पदक भले ही हाथ नहीं लगा, लेकिन विश्वस्तरीय खिलाड़ियों और नंबर-1 सीड जोड़ियों के खिलाफ मिली शानदार जीत ने कुणाल की प्रतिभा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी बढ़ती पहचान का मजबूत संदेश दिया है/INN
