मुरादाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुरादाबाद पुलिस लाइन में भव्य एवं श्रद्धामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां देर रात तक भक्ति संगीत, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने परिवार सहित भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आया, पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्ति और उल्लास के माहौल में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।

बच्चों की मनमोहक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी कार्यक्रम में बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और बाल लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। कान्हा के बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, भाजपा कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, शहर विधायक रितेश गुप्ता, मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, एस पी सिटी कुमार रणविजय सिंह, एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने अपने परिवारों के साथ जन्माष्टमी पर्व को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।

जिलेभर में सुरक्षा के रहे विशेष इंतजाम
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पूरे मुरादाबाद जनपद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। जिले के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी लोग सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें। प्रमुख मंदिरों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह देर रात तक भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ चलता रहा। कार्यक्रम ने पुलिस परिवारों को धार्मिक आस्था और पारिवारिक उल्लास के एक सूत्र में बांध दिया। पूरा परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंजता रहा@शांतनु/INN
