मुरादाबाद। भोजपुर धर्मपुर नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार शाम रामलीला मैदान में श्री बिहारी आदर्श रामलीला का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन पुत्र अर्शमान ने फीता काटकर रामलीला मंचन का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा।

उद्घाटन के अवसर पर अर्शमान ने सनातन धर्म में रामलीला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए राजपाट का त्याग किया और 14 वर्ष का वनवास स्वीकार किया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने जीवन में रिश्तों की गरिमा बनाए रखते हुए कर्तव्यों का पालन किया और संसार को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि रामायण में भगवान श्रीराम के चरित्र से सत्य, त्याग, कर्तव्य, धैर्य और मर्यादा की सीख मिलती है। श्रीराम का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यही कारण है कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।

अर्शमान ने कहा कि दशहरे के अवसर पर देशभर में रामलीलाओं का आयोजन किया जाता है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों का नाटकीय मंचन कर लोगों तक धार्मिक एवं नैतिक संदेश पहुंचाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने रामलीला के आयोजन को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आदर्शों से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बाबूराम गुप्ता, संरक्षक जयप्रकाश गुप्ता, अशोक कुमार शर्मा, बृजेश अरोरा, दयाराम कश्यप, राजू कालरा, अंकित अरोरा, पिंटू गुप्ता, मुकेश सैनी, राम सिंह, खड़क बंशी, भूरा कश्यप, संदीप चंद्रा, अशोक खड़क बंशी, केसरी सिंह नेताजी, कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक अनुज कुमार, कुलदीप अत्रि, अमजद और मनीष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे@जफर/INN
