गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट क्षेत्र में सोमवार, 12 अक्टूबर को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नोएडा के करीब एक दर्जन स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना सामने आते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। एहतियात के तौर पर संबंधित स्कूलों में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाय स्टेप और डीपीएस जीबीएन समेत कई अन्य स्कूलों के नाम सामने आए हैं। स्थिति को देखते हुए कुछ स्कूलों में बच्चों को घर भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी के लिए बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और फायर ब्रिगेड को तैनात किया। शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने या वास्तविक खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच कर रही है।
वहीं, धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम भी जुटी हुई है। ई-मेल से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि धमकी भेजने वाले की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।
