मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने मंगलवार सुबह दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका कुछ समर्थकों के साथ यहां पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने झंडे लेकर नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन का वीडियो आशुतोष रांका और पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।
CJP नेता सौरव दास ने कहा कि वे जंतर-मंतर में प्रवेश कर चुके हैं और अब उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने इसे युवा पीढ़ी के लिए एक संदेश बताया। वहीं, पार्टी ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने पर नाराजगी जताई है। CJP के अभिजीत दीपके ने भी इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि विरोध की आवाज को इस तरह रोका नहीं जा सकता।
इससे पहले 10 अक्टूबर को CJP ने दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया था। पार्टी के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आई थी। पार्टी के मुताबिक, पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
अब CJP ने अपने अगले कदम की तैयारी शुरू कर दी है। 12 अक्टूबर को आशुतोष रांका और सौरव दास संसद मार्ग थाने पहुंचे और प्रदर्शन के लिए तारीख मांगी। पार्टी ने पुलिस को 24 घंटे का समय देने की बात कही है। CJP का कहना है कि तय समय में तारीख नहीं मिलने पर वह आगे की रणनीति का ऐलान करेगी।
