मुरादाबाद। राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर) के अंतर्गत डाक विभाग, मुरादाबाद द्वारा जन-जागरूकता एवं डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सोमवार को फिलाटेली दिवस (डाक टिकट संग्रह दिवस) के अवसर पर पीएमएस पब्लिक स्कूल, मुरादाबाद में दुर्लभ एवं प्राचीन डाक टिकटों तथा प्रथम दिवस आवरणों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित दुर्लभ एवं ऐतिहासिक डाक टिकटों का अवलोकन करते हुए अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि डाक टिकट संग्रह केवल एक शौक नहीं, बल्कि देश के इतिहास, संस्कृति, कला और भौगोलिक विरासत को जानने का महत्वपूर्ण माध्यम है। डाक टिकटों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं, महान व्यक्तित्वों तथा देश की सांस्कृतिक विविधता के विषय में जानकारी प्राप्त होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में ज्ञानार्जन, रचनात्मकता और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या निश्मा ने विद्यार्थियों को पत्र-लेखन के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि पत्र-लेखन संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी देते हुए पार्सल, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा (पीएलआई/आरपीएलआई), सुकन्या समृद्धि योजना तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं एवं बचत योजनाओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ संदेश के साथ स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अंकुर श्रीवास्तव ने सेल्फी लेकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया तथा डाक टिकटों से जुड़ी ऐतिहासिक एवं रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।
डाक विभाग की ओर से आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार एवं पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ डाक विभाग की गतिविधियों एवं सेवाओं के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।

यह कार्यक्रम प्रवर अधीक्षक डाकघर, मुरादाबाद मंडल के मार्गदर्शन में उप डाकघर (सिटी), मुरादाबाद द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक मैथ्यू सहित विद्यालय का स्टाफ तथा डाक विभाग से श्री अरुण मोहन सांख्यधर, श्री आशुतोष शर्मा, श्री आयुष यज्ञसेनी, श्री शिवम सक्सेना सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
