मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को कैंप कार्यालय, महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज, भदासना में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कुंदरकी के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान विधायक ने कहा कि जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनना, उनकी समस्याओं का समाधान कराना और क्षेत्रवासियों के विश्वास को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसुनवाई में सामने आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है। आमजन की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि सुशासन, जनकल्याण और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके।
विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान कराने और कुंदरकी विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे@जफर/INN
