मुरादाबाद। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को ब्लॉक सभागार, दलपतपुर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत विशेष कैंप आयोजित किया गया। कैंप में कुंदरकी के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सहभागिता कर युवाओं एवं लाभार्थियों से संवाद किया और स्वरोजगार तथा उद्यम स्थापना की दिशा में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कैंप में विकासखंड मूंढापांडे के युवाओं ने प्रतिभाग कर योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और ऋण संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान युवाओं ने अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को भी सामने रखा।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदनों और बैंक ऋण से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए, ताकि युवाओं को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
कैंप में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने युवाओं को आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों और बैंक ऋण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। साथ ही, आवेदन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए मार्गदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करना आवश्यक है, ताकि वे अपनी क्षमताओं का उपयोग कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने में सहयोग देना और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना प्राथमिकता है। युवाओं को योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करना चाहिए@जफर/INN
