मुरादाबाद। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 18 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में दोपहर एक बजे होने वाले इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल राजभवन के सामने स्थित है।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में मुस्लिम समाज की शिक्षा, सामाजिक प्रगति और आपसी सौहार्द से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। सम्मेलन का मुख्य केंद्र तालीम, तरक्की और तहजीब रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों से कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है, ताकि समाज की शैक्षिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जा सके।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वह मुस्लिम समाज में शिक्षा के प्रसार, तरक्की के अवसरों, शैक्षिक चुनौतियों के समाधान और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
मोहम्मद अफजाल के अनुसार, सम्मेलन में इन मुद्दों पर चर्चा के साथ आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने और समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है@जफर/INN
