मुरादाबाद। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी, मोटरसाइकिल लूट, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में सात व्यक्तियों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में 15 अक्टूबर 2026 को की गई।

ऑनलाइन सट्टा खेलते दो आरोपी गिरफ्तार
थाना कुंदरकी पुलिस ने 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि चेकिंग एवं गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर ऑनलाइन सट्टा खेलने के आरोप में जुबैर पुत्र अशरफ और फैजान पुत्र रिजवान निवासी ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो स्मार्टफोन और 1,600 रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में थाना कुंदरकी पर मुकदमा संख्या 257/2026 के तहत धारा 112 बीएनएस एवं सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मोटरसाइकिल लूट के मामले में आरोपी गिरफ्तार
थाना कटघर पुलिस ने वर्ष 2017 के मोटरसाइकिल लूट के एक मामले में आरोपी मनीष पुत्र दर्शन सिंह निवासी निवाड़ खास, थाना भगतपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सात दिसंबर 2017 को मोटरसाइकिल लूट के संबंध में शिकायत मिलने पर थाना कटघर में मुकदमा संख्या 1151/2017, धारा 394 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के क्रम में 15 अक्टूबर 2026 को आरोपी की गिरफ्तारी की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी
थाना डिलारी पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में आजाद मुशर्रफ पुत्र मंसूर अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से दूल्हापुर पट्टी जाट, थाना ठाकुरद्वारा का निवासी है और वर्तमान में मातावाली गली, कस्बा ठाकुरद्वारा में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को शिकायत मिलने के बाद थाना डिलारी में मुकदमा संख्या 246/2026, धारा 69 बीएनएस एवं धारा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 15 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।

394 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी पकड़ा
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना कटघर पुलिस ने चेकिंग के दौरान राजू पुत्र राजाराम निवासी बल्देवपुरी, थाना कटघर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 394 ग्राम अवैध चरस बरामद करने का दावा किया है। इस संबंध में थाना कटघर में मुकदमा संख्या 596/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
शांति व्यवस्था भंग करने पर सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई
जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में सात व्यक्तियों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के तीन, भोजपुर के दो और कटघर के दो व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी है@जफर/INN
