मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। गुरुवार को विकासखंड कुंदरकी के ब्लॉक सभागार में आयोजित सखी संवाद सम्मेलन में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सखियों से संवाद कर उनके योगदान की सराहना की और उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार सखियों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मेलन में समूह सखी, बीसी सखी, ऊर्जा सखी, कृषि आजीविका सखी, पोषण-स्वास्थ्य सखी, बैंक सखी एवं विद्युत सखी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आजीविका के नए अवसर विकसित करने में सखियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार सखियों को मिला सम्मान
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह की ओर से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली चार सखियों को ₹5,100-₹5,100 की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली सखियों में ग्राम पंचायत नगला कमाल निवासी बैंक सखी श्रीमती रिंकी, ग्राम पंचायत चांदपुर मंगोल निवासी विद्युत सखी श्रीमती चंद्रवती, ग्राम पंचायत कोण्डूरी निवासी आजीविका सखी श्रीमती मेहरोज तथा ग्राम पंचायत नौशेन शेखूपुर निवासी समूह सखी श्रीमती अनामिका चौधरी शामिल रहीं। सभी ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर यह उपलब्धि हासिल की।

महिला सशक्तीकरण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
ठाकुर रामवीर सिंह ने सखियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने, बैंकिंग एवं विद्युत सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बन रही हैं। बैंकिंग सेवाओं, कृषि आधारित आजीविका, पोषण, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से ये महिलाएं न केवल अपने परिवारों को आर्थिक मजबूती दे रही हैं, बल्कि गांवों में आत्मनिर्भरता की नई राह भी खोल रही हैं।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सम्मानित सखियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मेलन में विकासखंड कुंदरकी के अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे@शांतनु/INN
