मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदनगर में मिले प्रमोद कुमार के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्त लगा हंसिया और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह ग्राम फरीदनगर में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर थाना ठाकुरद्वारा पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए थे। बाद में उसकी पहचान प्रमोद ठाकुर पुत्र प्रेमपाल सिंह, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना मूंढापांडे, जनपद मुरादाबाद, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई। मामले में थाना ठाकुरद्वारा पर अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 321/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
प्रेम-प्रसंग और मकान पर कब्जे की साजिश का आरोप
पुलिस की पूछताछ और विवेचना के अनुसार, मृतक प्रमोद कुमार दिव्यांग और अविवाहित था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनीता उर्फ पूजा, जो विवाहित है, का मृतक के साथ प्रेम-प्रसंग था। वहीं, आरोपी अबरार हुसैन ने मृतक से रुपये उधार ले रखे थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के मकान पर कब्जा करने और उधार लिए गए रुपये वापस न करने की कथित मंशा से आरोपियों ने आपस में योजना बनाई। इसी योजना के तहत तीनों पर प्रमोद कुमार की हत्या में शामिल होने का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होनी बाकी है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीता उर्फ पूजा पत्नी जगन्नाथ कश्यप, निवासी वार्ड नंबर 10, मोहल्ला जमानावाला, ठाकुरद्वारा और अबरार हुसैन पुत्र साबिर, निवासी मोहल्ला माता मंदिर, वार्ड नंबर 21, ठाकुरद्वारा के रूप में हुई है। इसके अलावा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
हंसिया और मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्त लगा हंसिया और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार, निरीक्षक अपराध मनोज कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवनेन्द्र कुमार, एसओजी प्रभारी अमित कुमार व उनकी टीम, उपनिरीक्षक रजत कुमार तथा महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे@जफर/INN
