जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के नजदीक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में हुई इस कार्रवाई में दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है। घटनास्थल पर सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे जवानों को जुमागुंड इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षाबलों ने संदिग्धों को रोकने के लिए चुनौती दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
शुरुआत में इस घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभियान पूरा होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की संभावना है।
