ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार रात में नूडल्स खाने के बाद सो गया था। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो परिवार के सभी पांच सदस्य बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े थे। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान 38 वर्षीय महेश, उनकी 36 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने नूडल्स, चाय के बर्तन और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मामले में फूड पॉइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
