मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी के निर्देशों के अनुरूप जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भ्रामक सूचनाओं से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग में सतर्कता एवं जिम्मेदारी बरतने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर एवं विभिन्न वेबसाइटों सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली किसी भी खबर, संदेश अथवा वीडियो को उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना साझा न करें।
किसी भी माध्यम से प्राप्त सूचना को आगे प्रसारित करने से पहले उसके स्रोत और विश्वसनीयता की जांच अवश्य कर लें। निराधार एवं भ्रामक सूचनाओं को साझा करना अनजाने में भी अफवाहों को बढ़ावा दे सकता है, जिससे समाज में भ्रम, तनाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका रहती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत, भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित कर जनमानस को गुमराह करने अथवा जिले की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कहा कि भ्रामक एवं तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने वाले यूट्यूब चैनलों, फेसबुक अकाउंट, वेबसाइटों तथा व्हाट्सएप ग्रुपों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध अथवा आपत्तिजनक मामलों में संबंधित यूजर और ग्रुप एडमिन की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें। किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना पर विश्वास करने अथवा उसे साझा करने के बजाय संबंधित सक्षम अधिकारी या आधिकारिक स्रोत से उसकी पुष्टि करें। अफवाहों से बचें, दूसरों को भी जागरूक करें और जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें:- अनुनय झा, जिला मजिस्ट्रेट, मुरादाबाद*
