एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम के लिए आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। एयरलाइन की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यह रोक 24 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी।
प्रभावित यात्रियों को टिकट में बदलाव और रिफंड का विकल्प
उड़ानें निलंबित होने से प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए एयरलाइन ने टिकट की तारीख बदलने, वैकल्पिक एयरपोर्ट से यात्रा करने और रिफंड लेने का विकल्प दिया है। इसके अलावा, 15 अक्टूबर 2026 तक जारी कन्फर्म टिकट वाले उन यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी, जिनकी यात्रा 9 से 25 अक्टूबर के बीच निर्धारित है। पात्र यात्री 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकेंगे। एयरलाइन ने कहा है कि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रा संबंधी विकल्पों में लचीलापन दिया जा रहा है।
