मुरादाबाद,04 अक्टूबर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की गन्ना पट्टी में किसानों के तीन दशक पुराने लंबित ब्याज, गन्ना मूल्य वृद्धि के सवाल पर किसान सियासत गर्माई, ‘किसान युवा संसद’ ने राजनीतिक दलों की नीयत पर सवाल उठाए। आगामी छह अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अहम सुनवाई से पहले भगतपुर रामबती इंटर कॉलेज में आयोजित ‘किसान युवा संसद’ में सरकार और प्रमुख राजनीतिक दलों के रवैये पर कड़े सवाल उठाए गए।

‘किसान युवा संसद’ ने साफ चेतावनी दी है “सावधान नेता एवं राजनीतिक दलों! किसान मन बना चुके हैं, जो भी नेता अब वोट मांगने आएगा, उससे ब्याज और गन्ना मूल्य का हिसाब लिया जाएगा”। किसान यह भी हिसाब मांगेंगे कि राजनीतिक दलों ने ब्याज व गन्ना मूल्य वृद्धि के मामले में किसानों के पक्ष में स्टैंड लिया या खिलाफ, तथा इसी कड़ी में “ब्याज नहीं तो वोट नहीं” का सीधा नारा बुलंद किया गया है।

भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि किसानों के वैधानिक अधिकार का मामला कोर्ट में है, लेकिन सत्ता और विपक्ष दोनों का मौन बेहद चिंताजनक है। वक्ताओं ने तंज कसा कि चुनाव में हितैषी बनने वाले दल अब खामोश हैं जबकि ‘आप’ सांसद संजय सिंह के अलावा किसी ने इसे प्रमुखता से नहीं उठाया।

ब्याज के साथ ही पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का भाव कम से कम 500 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग भी पुरजोर ढंग से उठाई गई। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) का कहना है कि वर्तमान में कोल्हू-क्रेशर पर गन्ने की खरीद 490 से 500 रुपये तक हो रही है, जबकि 2025-26 का एसएपी अगैती के लिए 400 व सामान्य प्रजाति के लिए 390 रुपये रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गन्ना मूल्य, ब्याज भुगतान और किसानों की आय का यह मुद्दा बड़ा राजनीतिक मोड़ लेता दिख रहा है।

किसान युवा संसद ने ब्याज की किसानवार गणना का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने, समय पर भुगतान, एमएसपी, सिंचाई और बीज-खाद से जुड़े मुद्दों पर गांव-गांव अभियान चलाने का फैसला लिया है, जबकि छह अक्टूबर की सुनवाई के बाद आगे के आंदोलन की नई रणनीति का ऐलान किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष मुरादाबाद रोहित देवल, मुकर्रम चौधरी, सुरेंद्र सिंह चौधरी चरण सिंह अरुण सिद्धू, पंचम सिंह, डीगराज सिंह, दीपक चौधरी, चंचल चौधरी,धर्मेंद्र चौधरी याकूब अली, बंटी ठाकुर, गजेंद्र चौधरी, अरुण ठाकुर समेत काफी संख्या में युवा किसान मौजूद रहे@ब्यूरो/INN
