मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण तथा विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अभियंताओं की सक्रियता का मौके पर सत्यापन किया।

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंताओं एवं अधिशासी अभियंताओं की मौजूदगी में नगरीय क्षेत्र के दिल्ली रोड के अवर अभियंता (जेई) श्री सतवीर सिंह तथा ग्रामीण क्षेत्र के दलपतपुर के जेई श्री सूर्यप्रकाश को फोन मिलाकर विद्युत व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेने का प्रयास किया। दोनों जेई द्वारा फोन रिसीव नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए इन दोनों जेई का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण नोटिस जराई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी एवं अभियंता उपभोक्ताओं के लिए सदैव उपलब्ध रहें। फोन कॉल रिसीव न करने अथवा उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति उदासीनता की प्रवृत्ति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ जेई की सक्रियता की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय मानकों के अनुरूप सबसे खराब प्रगति वाले विद्युत उपकेंद्रों को चिन्हित कर आगामी एक माह तक विशेष अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान विद्युत बिलों में सुधार, लंबित बिलों के निस्तारण एवं बिल जमा कराने सहित उपभोक्ताओं से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभागीय मानकों एवं राजस्व संबंधी लक्ष्यों की पूर्ति के साथ-साथ उपभोक्ताओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशानी न हो तथा उसकी शिकायत का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
