मुरादाबाद। राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और युवाओं में सशस्त्र बलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एनसीसी ग्रुप मुख्यालय बरेली एवं जिला प्रशासन मुरादाबाद के तत्वावधान में भारतीय सेना द्वारा प्रायोजित ‘वन्दे मातरम् 150 नेशनल यूनिटी फ्लाइट’ कार्यक्रम का आयोजन मुरादाबाद हवाई अड्डे पर किया गया। इस विशेष आयोजन में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स को भारतीय सेना की विमानन गतिविधियों को नजदीक से जानने और समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुरादाबाद हवाई अड्डे पर भारतीय सेना के तीन माइक्रोलाइट विमानों के आगमन के साथ हुआ। हवाई अड्डे पर इन विमानों को देखकर एनसीसी कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेना के तीन माइक्रोलाइट विमान रहे, जिनके माध्यम से कैडेट्स को विमानन क्षेत्र की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर विमानों के साथ पहुंचे अनुभवी पायलटों ने एनसीसी कैडेट्स को माइक्रोलाइट विमानों की संरचना, उनकी कार्यप्रणाली, उड़ान के दौरान उपयोग होने वाली तकनीक तथा विमान संचालन से जुड़ी विभिन्न बारीकियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। पायलटों ने कैडेट्स की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें बताया कि विमान किस प्रकार कार्य करता है और उड़ान भरने से पहले किन तकनीकी एवं सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को माइक्रोलाइट फ्लाइंग का अनुभव भी कराया गया। हवाई उड़ान का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर कैडेट्स काफी उत्साहित नजर आए। उनके लिए यह आयोजन केवल एक सामान्य शैक्षिक गतिविधि नहीं, बल्कि भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, विमानन तकनीक और सैन्य जीवन को करीब से समझने का एक यादगार अवसर साबित हुआ।

आयोजकों के अनुसार, ‘वन्दे मातरम् 150 नेशनल यूनिटी फ्लाइट’ का मूल उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, उनमें साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना तथा भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान एवं कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में 9 उत्तर प्रदेश बालिका वाहिनी एनसीसी के कमान अधिकारी अरविन्द कुमार, डिप्टी कमान अधिकारी प्रमिला सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन तीनों माइक्रोलाइट विमानों के मुरादाबाद हवाई अड्डे से प्रस्थान के साथ हुआ।

इस आयोजन ने एनसीसी कैडेट्स को देशभक्ति के साथ-साथ आधुनिक विमानन तकनीक से परिचित कराने और भारतीय सेना के प्रति सम्मान एवं आकर्षण बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया@जफर/INN
