हापुड़/अमरोहा। उत्तर भारत के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा राजकीय मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ और अमरोहा जनपद का प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

गंगा नदी के दोनों तटों पर आमने-सामने लगने वाले इस विशाल मेले की तैयारियों के दृष्टिगत रविवार को हापुड़ की जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में मेला स्थल और गंगा के जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया, जबकि अमरोहा के जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ पहले ही तिगरी गंगा मेले के प्रबंधन को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर चुके हैं।

हापुड़ जिले में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना के निरीक्षण के दौरान घाटों के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि, जलस्तर की स्थिति, घाटों की मजबूती तथा पहुंच मार्गों का बारीकी से जायजा लिया गया। मौके पर मौजूद लेखपाल और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जमीन की पैमाइश कर समतलीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घाटों को चौड़ा, मजबूत और फिसलन रहित बनाया जाए ताकि श्रद्धालुओं को स्नान में किसी प्रकार की असुविधा न हो, साथ ही मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत और सफाई समय से पूरी की जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा नागर, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में हापुड़ के साथ ही अमरोहा जनपद में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि महाभारत कालीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता वाले इस राजकीय तिगरी मेले में इस वर्ष 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए 22 सेक्टरों में विभाजन, गजरौला से तिगरी तक पथ प्रकाश, 25 अस्थाई घाटों का निर्माण, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पेेयजल, शौचालय और ग्रीनफील्ड मेले की तर्ज पर 6000 पौधों के रोपण की योजना बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी गरिमा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, उपजिलाधिकारी धनौरा शैलेश कुमार दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारीयों ने प्रतिभाग किया गया।
दोनों जनपदों के अधिकारियों ने मेले की गरिमा और व्यवस्था बरकरार रखते हुए आपसी समन्वय और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने की प्रतिबद्धता जताई है@ब्यूरो/INN
