हरदोई जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-731) पर शारदा नहर के ऊपर निर्माणाधीन पुल का करीब 70 फीट लंबा भारी स्लैब अचानक नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय पुल निर्माण का कार्य जारी था और कई मजदूर मौके पर मौजूद थे। स्लैब गिरने से कई श्रमिक मलबे में दब गए, जिनमें कुछ गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरसीएल कंपनी द्वारा बनाए जा रहे इस पुल पर विशाल स्लैब को स्थापित करने का काम चल रहा था। स्लैब को ऊपर उठाने के लिए दोनों ओर बड़ी क्रेनें लगाई गई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और स्लैब नीचे आ गिरा। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान के लिए जेसीबी, क्रेन और एंबुलेंस की मदद ली गई। घायलों को पहले टोडरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जा सके।
