कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने भाजपा की कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ रणनीति को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे ‘ऑपरेशन कीचड़’ करार देते हुए आरोप लगाया कि जहां भाजपा चुनावी तौर पर सफलता हासिल नहीं कर पाती, वहां राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जाती है।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का नारा दिया था, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद अब वह विपक्षी सांसदों और विधायकों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार को अपने जनादेश और सहयोगियों पर भरोसा है, तो ऐसी राजनीतिक गतिविधियों की जरूरत क्यों पड़ रही है।
खेड़ा ने आरोप लगाया कि झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार राजनीतिक खरीद-फरोख्त की कोशिशें देखने को मिल रही हैं। उनके मुताबिक, लोकतंत्र में सरकारों का काम जनहित में काम करना होता है, न कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को तोड़कर सत्ता समीकरण बदलना।
गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन लोटस’ शब्द का इस्तेमाल विपक्षी दल लंबे समय से भाजपा पर आरोप लगाने के लिए करते रहे हैं। विपक्ष का दावा है कि इसके तहत विरोधी दलों के सांसदों और विधायकों को अपने पक्ष में कर सरकारें गिराने या सत्ता परिवर्तन की कोशिश की जाती है। हालांकि भाजपा इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है।
