अमरोहा, 20 नवंबर।देवोत्थान एकादशी पर दुग्धाभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ राजकीय तिगरी गंगा मेले का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुए उद्घाटन समारोह में आस्था और संस्कृति की भव्यता दिखी, लेकिन मेले की व्यवस्थाओं, परंपराओं के संरक्षण और प्रशासनिक जवाबदेही पर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। 15 से 25 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा। शासन स्तर पर 25 से 30 लाख और स्थानीय स्तर पर 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

दो दशक पहले तक बैलगाड़ियों और चूल्हों की खिचड़ी से पहचाने जाने वाले इस मेले की मूल आत्मा संतों के प्रवास, अन्नक्षेत्र, भंडारों, प्रभातफेरियों और वैदिक अनुष्ठानों से जुड़ी रही है। अब राजकीय दर्जे और आधुनिकीकरण के बीच इन परंपराओं के संरक्षण पर सवाल उठ रहे हैं। इसी क्रम में साधू-संतों की जगह सेक्टर चार सहित करीब सौ बीघा जमीन पर मेला प्रशासन का ड्रीम प्रोजेक्ट विकसित “टेंट सिटी” में अपेक्षित चहल-पहल नहीं दिख रही। पिछले वर्ष भी यह मॉडल अपेक्षित सफल नहीं रहा था, फिर भी इसे दोहराने के औचित्य पर चर्चा हो रही है।

वीआईपी घाट पर पास व्यवस्था लागू करने का राष्ट्रीय बजरंग दल ने विरोध किया है। संगठन के पश्चिम यूपी अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग कर भेदभाव का आरोप लगाया और हस्तक्षेप की मांग की। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी पास केवल 22 नवंबर तक ही मान्य रहेंगे।

सुरक्षा के लिए गढ़मुक्तेश्वर-तिगरी पांटून पुल पर 25 पुलिसकर्मी, मेला क्षेत्र में चार हजार जवान, ड्रोन और सीसीटीवी कंट्रोल रूम तैनात हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) लखन सिंह यादव और जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. नितिन गौड़ ने यातायात, शौचालय,स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। भीड़ बढ़ने पर 22 नवंबर से राजमार्ग पर एकतरफा यातायात लागू किया जाएगा।

जहां एक ओर मेले की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है, वहीं जमीनी हकीकत में विरोधाभास भी दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद मेला मार्ग से चार-पांच किमी पहले कुमराला की अधिकृत दुकान से शिविरों तक शराब पहुंचने की शिकायतें हैं। उक्त मेले के दौरान दुकान पर लंबी कतार तथा शराब बिक्री दोगुनी से अधिक हो जाती रही है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेले में महंगी दर पर आबंटित 20 दुकानों की जांच में चाट-पकौड़ी में मानक से अधिक रंग, मसालों और खराब तेल के इस्तेमाल पर सुधार के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, तिगरी धाम तटीय गांव की 78 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि के बाद भी मेले में एक बार भी व्यापक फॉगिंग न होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताई जा रही है।

एक अन्य बड़ा मुद्दा मुरादाबाद मंडल के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के परंपरागत शिविर का है। एक माह पहले समिति के लेटरहेड पर लिखित अनुरोध के बावजूद इस बार पत्रकारों और उनके परिजनों के ठहरने-भोजन की व्यवस्था नहीं की गई। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. संतोष गुप्ता और संपादक नीरज गुप्ता ने इसे प्रशासनिक संवेदनहीनता बताया है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान से पहले प्रशासन के सामने व्यवस्थाओं को कागजों से उतारकर धरातल पर पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की बड़ी चुनौती है@ब्यूरो/INN
