मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविजाश जोशी की अध्यक्षता में पूर्वदशम (कक्षा 09-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर लंबित छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्रों के संबंध में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक गूगल मीट के माध्यम से आयोजित की गई।
इस दौरान कक्षा 09-10 एवं 11-12 के छात्र-छात्राओं के लंबित छात्रवृत्ति आवेदन पत्रों की विद्यालयवार विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के कारणों की जानकारी प्राप्त की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा का छात्रवृत्ति आवेदन किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्रों से सम्बंधित कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विद्यालय अपने लम्बित आवेदनों की सूची अद्यतन रखें और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें। बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि आवेदन पत्रों में यदि कोई त्रुटि अथवा दस्तावेज की कमी है, तो सम्बंधित छात्र-छात्रा/ अभिभावक से सम्पर्क कर उसे शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दिनांक 23 नवम्बर 2026 तक लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया@शांतनु/INN
