मुरादाबाद। लाइन पार क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर सोमवार को बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बहला-फुसलाकर तथा दबाव बनाकर लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा है।

बजरंग दल के महानगर संयोजक राजीव ठाकुर ने दावा किया, कि लाइन पार क्षेत्र में 100 से अधिक लोगों का कथित रूप से धर्मांतरण कराया गया है। इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप जैसी स्थिति रही। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गंभीर मामला है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया।
मामले को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सतर्क नजर आए। अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त शिकायतों और आरोपों की जांच कराई जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
