मुरादाबाद। मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल ने महानगर की समस्त जनता और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका बालिकाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल में एचपीवी वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय रहते टीकाकरण कराकर इससे काफी हद तक बचाव संभव है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र बालिका तक यह सुरक्षा कवच पहुंचे और भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके।
घर-घर और स्कूलों तक पहुंचेगा अभियान
महापौर ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए आशा कार्यकत्रियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तथा अन्य संबंधित स्टाफ की बड़ी टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। आने वाले समय में यह टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी और स्कूलों में पहुंचकर भी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करेगी।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि किसी भी जनस्वास्थ्य अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। इससे न केवल उनकी बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा, बल्कि समाज को भी एक गंभीर बीमारी से लड़ने में मदद मिलेगी।
बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
महापौर ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एचपीवी टीकाकरण अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने महानगरवासियों से आह्वान किया कि पात्र बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन दिलाकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें@शांतनु/INN
