मुरादाबाद। मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत भगतपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने सराहनीय पहल करते हुए अकेले घूम रही करीब तीन वर्षीय बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 19 अक्टूबर को थाना भगतपुर की मिशन शक्ति टीम को ग्राम बुढानपुर अलीगंज क्षेत्र में करीब तीन वर्षीय बच्ची के अकेले घूमने और रोने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
पता नहीं बता पा रही थी मासूम
बच्ची की उम्र कम होने के कारण वह अपना पता और परिजनों के बारे में जानकारी नहीं दे पा रही थी। ऐसे में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की और बच्ची के परिजनों की तलाश में प्रयास तेज कर दिए। पुलिस की सक्रियता और अथक प्रयासों के बाद बच्ची की पहचान मनप्रीत पुत्री विनय कुमार, निवासी ग्राम मानपुर दत्तराम, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई।
मां और मामा को सौंपा, परिजनों ने जताया आभार
बच्ची के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उसकी मां और मामा निवासी ग्राम बुढानपुर अलीगंज थाना भगतपुर पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी मां और मामा के सुपुर्द कर दिया। अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत महसूस की और भगतपुर पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सक्रिय मिशन शक्ति टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति फेज-6 अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। भगतपुर पुलिस की इस पहल ने संकट की स्थिति में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता को प्रदर्शित किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस सराहनीय कार्य में महिला उपनिरीक्षक सरोज, महिला उपनिरीक्षक सिमरन और महिला कांस्टेबल सोनम, थाना भगतपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही@जफर/INN
