मुरादाबाद। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना कुन्दरकी में मेधावी छात्रा उदिति शर्मा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनसुनवाई करने के साथ ही थाने के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्र में भ्रमण कर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।

कुन्दरकी थाना प्रभारी की एक दिवसीय जिम्मेदारी संभालने वाली उदिति शर्मा इमरतपुर निवासी संजय शर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2026 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुरादाबाद जनपद में नौवां स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा जनपद के राजकीय विद्यालयों में प्रथम और पूरे उत्तर प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में छठा स्थान हासिल कर अपने परिवार और जनपद का नाम रोशन किया। वर्तमान में उदिति किसान पब्लिक इंटर कॉलेज, कुन्दरकी में कक्षा 11 की छात्रा हैं।

जनसुनवाई कर जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
एक दिवसीय थाना प्रभारी के रूप में उदिति शर्मा ने सबसे पहले थाना प्रभारी कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई की। इसके बाद उन्होंने मिशन शक्ति कार्यालय, थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, महिला बैरक और पूरे थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों का अवलोकन भी किया। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को समझते हुए विवेचकों और जांचकर्ताओं को शिकायती प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गूलर तिराहे पर वाहन चालकों को किया जागरूक
थाने का निरीक्षण करने के बाद उदिति शर्मा क्षेत्र भ्रमण पर निकलीं। कस्बा कुन्दरकी के गूलर तिराहे पर उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करने और सुरक्षित ढंग से सफर करने के प्रति जागरूक किया।

बाजार में पैदल गश्त, दुकानदारों को दिए निर्देश
इसके बाद उदिति शर्मा ने कस्बे के बाजार में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और बाजार में अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया।

मेधावी छात्रा की उपलब्धि को मिला सम्मान
इस अवसर पर उदिति शर्मा के साथ राजकीय हाईस्कूल, हुसैनपुर छिरावली की प्रधानाचार्या बबीता मल्होत्रा, किसान पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुताहिर अली खान और उनके पिता संजय शर्मा मौजूद रहे।
मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को उनकी क्षमता का एहसास कराना, उनमें नेतृत्व के गुण विकसित करना तथा पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। एक दिन की थाना प्रभारी बनकर उदिति शर्मा ने यह संदेश दिया कि अवसर मिलने पर बेटियां हर जिम्मेदारी को आत्मविश्वास और योग्यता के साथ निभा सकती हैं@जफर/INN
