मुरादाबाद। जनपद में आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने मतदान स्थलों की आलेख्य सूची के प्रकाशन की जानकारी दी। सोमवार को मुरादाबाद कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 के प्रावधानों और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 25-कांठ, 26-ठाकुरद्वारा, 27-मुरादाबाद ग्रामीण, 28-मुरादाबाद नगर, 29-कुन्दरकी और 30-बिलारी में मतदाताओं के समूहों के लिए मतदान केंद्रों के रूप में प्रस्तावित स्थलों की सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया गया है।

23 अक्टूबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति और सुझाव
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि मतदान स्थलों की प्रकाशित आलेख्य सूची को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव हो तो उसे निर्धारित समयसीमा के भीतर लिखित रूप में संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें। इसके लिए 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार तक का समय निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि आपत्तियां और सुझाव जिला निर्वाचन कार्यालय, मुरादाबाद अथवा संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, मंत्रियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, सांसदों और विधायकों सहित संबंधित प्रतिनिधियों से मतदान स्थलों की सूची का अवलोकन करने और आवश्यक सुझाव देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदान स्थलों से संबंधित प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और समयसीमा का पालन किया जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा जा सके@शांतनु/INN
