उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। प्रियंका गांधी के साथ हुई बैठक के बाद पार्टी ने करीब 150 विधानसभा सीटों की सूची तैयार की है। अब रणनीति समिति अगले एक सप्ताह के भीतर प्रियंका गांधी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी।
इस रिपोर्ट में हर सीट की राजनीतिक स्थिति का बारीकी से आकलन किया जाएगा। इसमें जातिगत और सामाजिक समीकरणों के साथ भौगोलिक परिस्थितियों, महिला एवं युवा मतदाताओं की भूमिका, सीट के पुराने चुनावी इतिहास और संभावित जीतने वाले उम्मीदवारों पर फोकस रहेगा। साथ ही, यह भी बताया जाएगा कि संबंधित सीट पर कांग्रेस की जीत की संभावनाएं क्या हैं और पार्टी किस रणनीति के जरिए मुकाबले में मजबूत हो सकती है।
रिपोर्ट मिलने के बाद प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूरी टीम और राज्यसभा सांसदों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और आकलन भी लेंगी। पार्टी की इस कवायद का मुख्य उद्देश्य समाजवादी पार्टी के साथ संभावित सीट बंटवारे की बातचीत से पहले अपना पक्ष मजबूत करना है, ताकि कांग्रेस 150 सीटों पर दावेदारी के समर्थन में ठोस राजनीतिक और चुनावी तर्क पेश कर सके।
