मुरादाबाद। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत मंगलवार को थाना मझोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत थाने के एक मिशन शक्ति केंद्र को मॉडल मिशन शक्ति केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई। इस दौरान महिलाओं, छात्राओं और गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक लाइन, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस तथा क्षेत्राधिकारी यातायात मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी जरूरतों और सहायता के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।

महिलाओं और छात्राओं के साथ हुई चौपाल
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की महिलाओं, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों की छात्राओं और एनजीओ प्रतिनिधियों के साथ चौपाल आयोजित की गई। इसमें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद केंद्र बनेगा मिशन शक्ति केंद्र
पुलिस अधिकारियों ने मॉडल मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं सेवाओं के बारे में बताया। उन्हें प्रेरित किया गया कि किसी भी तरह की समस्या, उत्पीड़न या सुरक्षा संबंधी परेशानी होने पर वे बेझिझक केंद्र से संपर्क करें और सहायता प्राप्त करें।

कार्यक्रम में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के साथ पात्र महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र को सुरक्षित, सुलभ और भरोसेमंद सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।

इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
- 112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
- 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1090 — वीमेन पावर हेल्पलाइन
- 1930 — साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 102 — स्वास्थ्य सेवा
- 108 — एम्बुलेंस सेवा
- 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से इन सेवाओं का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सहायता तंत्र तक उनकी पहुंच आसान बनाना रहा@जफर/INN
