यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच सऊदी अरब में एक और बड़ा हादसा सामने आया है। देर रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की जान चली गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक भारतीय नागरिक और एक सऊदी नागरिक शामिल हैं।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए घटना की पुष्टि की है। दूतावास के मुताबिक, हमले में दो भारतीय नागरिक घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों से संपर्क किया जा रहा है और घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।
सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही, हवाई अड्डे को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, हूती विद्रोहियों की ओर से इस हमले को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हाल के हफ्तों में सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने सुरक्षा चिंताएं बढ़ा दी हैं। लगातार हो रहे हमलों के कारण देश के हवाई यातायात और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों पर भी असर पड़ने की खबरें सामने आई हैं।
