मुरादाबाद : जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुरादाबाद शहर में निर्धारित वेंडिंग जोन में स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित रूप से समायोजित किया जाए। गागन तिराहे पर पार्किंग क्षेत्र चिन्हित किए जाने के संबंध में उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को तिराहे के आसपास उपयुक्त स्थान का चिन्हांकन कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

तहसील सदर से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को उद्यमियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
काशीपुर तिराहे के आसपास मुख्य मार्ग पर बजरी, मौरंग आदि सामग्री के कारण सड़क दुर्घटनाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को संबंधित लोगों को पहले चेतावनी देने तथा इसके बाद भी सुधार न होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को पांच या उससे अधिक ई-रिक्शा पंजीकृत कराने वाले व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, पीलीकोठी चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक संकेतक लगाए जाने के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। अतः संबंधित विभागीय अधिकारी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले और उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विनय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
