मुरादाबाद। महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर जनपद मुरादाबाद में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गवर्नमेंट इंटर कॉलेज से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका शुभारंभ नगर विधायक रितेश गुप्ता एवं अपर नगर आयुक्त अजीत सिंह ने फीता काटकर किया।

शोभायात्रा में भगवान वाल्मीकि जी का दरबार, राम दरबार सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। भगवान वाल्मीकि जी का दरबार श्रद्धालुओं एवं आमजन के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा रामायण में निहित आदर्शों के माध्यम से करुणा, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के चयनित मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धा और गरिमा के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि जी के विचारों एवं आदर्शों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए थे।

महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकटोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ उनके महान साहित्यिक योगदान, मानवीय मूल्यों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है@शांतनु/INN
