स्पेन। स्पेन में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक कम से कम 46 लोगों की मौत होने की खबर है। हादसा राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाले प्रमुख रेल मार्ग पर हुआ। रेल नेटवर्क संचालक एडिफ ने दुर्घटना की पुष्टि की है।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय एक इर्यो (Iryo) ट्रेन में 146 यात्री सवार थे, जबकि दूसरी रेन्फे (Renfe) ट्रेन में 397 यात्री मौजूद थे। दोनों ट्रेनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया। राहतकर्मियों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई लोग घायल हुए हैं और मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी
दुर्घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में ट्रेनों के क्षतिग्रस्त डिब्बे और बिखरा हुआ मलबा दिखाई दिया। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया है। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
स्पेन के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते और कास्टिया-ला मंचा के क्षेत्रीय प्रमुख एमिलियानो गार्सिया-पेज के संपर्क में रहने की जानकारी दी। प्रधानमंत्री के मुताबिक, आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटी हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।
