मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में स्थापित क्रय केंद्रों के प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि खाद्य विभाग एवं भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्रों में प्रवेश द्वार पर 01 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं तथा कैमरों का 15 दिन का डाटा सुरक्षित रखा जाए। क्रय केंद्रों पर किसानों का विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले आने वाले किसानों का धान पहले खरीदा जाए तथा खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के भेदभाव की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने जनपद में स्थापित सभी 63 धान क्रय केंद्रों के प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर क्रय केंद्र प्रभारी एवं संबंधित नोडल एजेंसी के प्रबंधक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसानों की शिकायतों की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर एफआईआर सहित अन्य कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

क्रय केंद्रों से धान के उठान के लिए नामित ठेकेदारों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि धान उठान में प्रयुक्त प्रत्येक वाहन पर जीपीएस अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि परिवहन प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, जिससे किसानों को धान बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। धान में नमी से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसानों को परेशान न किया जाए।
जनपद में कुल 63 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के 28, भारतीय खाद्य निगम का 01, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ के 16, उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन के 10 तथा उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के 08 क्रय केंद्र शामिल हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, सहायक निबंधक सहकारिता अमरेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
