देश में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली-वाराणसी-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कॉरिडोर को स्वीकृति दी है। यह हाईस्पीड रेल कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ेगा। इसके बाद वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक पहुंचेगा।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद कई शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, दिल्ली से आगरा का सफर महज 59 मिनट, कानपुर का 1 घंटा 45 मिनट और लखनऊ का सफर 2 घंटे 12 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, वाराणसी से लखनऊ की दूरी 1 घंटे 21 मिनट और वाराणसी से पटना की दूरी करीब एक घंटे में तय की जा सकेगी। दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में भी महज 3 घंटे 32 से 33 मिनट लगने का अनुमान है। इस कॉरिडोर से उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को तेज रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
