पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने से हड़कंप मच गया। सराय बंजारा और बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के चार कोच आग की चपेट में आ गए। अचानक डिब्बों से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री ट्रेन से नीचे उतरने लगे।
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन संख्या 12508 में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि इंजन की ओर से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी। स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद इलाके में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। मौके पर राहत और बचाव दल पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। शुरुआती खबरों में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, हालांकि बाद की जानकारी के मुताबिक किसी के हताहत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। रेलवे और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। समय रहते ट्रेन रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया।
