मुरादाबाद। मेरा युवा भारत, मुरादाबाद (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में दिनांक 07 नवंबर 2026 को ब्लॉक डिलारी, जनपद मुरादाबाद में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक करना, उनमें नेतृत्व क्षमता एवं संवाद कौशल विकसित करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया और कार्यक्रम की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार, रिसोर्स पर्सन, प्रशांत कुमार, स्पर्श गुप्ता एवं डॉ. कोमल जुगलान ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।
वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करें तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। पड़ोस युवा संसद जैसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने, सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जागरूक नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्री चंद्र सिंह ने उपस्थित अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रंजीत कुमार, सुरेंद्र, सचिन कुमार, प्रिंशु सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह देखने को मिला।

अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण तथा एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया@शांतनु/INN
