मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में तहसील ठाकुरद्वारा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य रूप से राशन कार्ड, पेंशन तथा राजस्व संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के संबंध में जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई की जानकारी लेते हुए बताया कि विगत माह से ही विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करके खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए जा रहे हैं और कार्यवाही भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी@शांतनु/INN
