गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध विस्फोट के बाद अब मामले में आतंकी कनेक्शन का दावा सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई है, जिसमें प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इसी अकाउंट से पहले पुलिस चौकी को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई थी। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे की है, जब वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी और इसकी चपेट में आने से चौकी के दरवाजे, खिड़कियां और एसी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और खाना पहुंचाने आया 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल मौजूद था। धमाके के दौरान कांच के टुकड़े लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे दिल्ली के सूर्य नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आतंकी संगठन के नाम से सामने आई पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। गाजियाबाद पुलिस, साइबर सेल और एटीएस यह पता लगाने में जुटी हैं कि पोस्ट के पीछे वास्तव में किसी प्रतिबंधित संगठन का हाथ है या फिर किसी ने दहशत फैलाने के लिए फर्जी दावा किया है।
वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से संदिग्ध अवशेष और नमूने जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। एसीपी सूर्यबलि मौर्य के मुताबिक, विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी वास्तविक जानकारी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल धमाके के कारण और कथित आतंकी कनेक्शन, दोनों की जांच जारी है।
