कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल में एथनॉल की कथित मिलावट को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने कर्नाटक में हुई एक जांच का हवाला देते हुए दावा किया कि वहां पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा 20 फीसदी से अधिक, करीब 31 फीसदी पाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर देश की जनता को गुमराह कर रही है और सच्चाई छिपा रही है।
राहुल गांधी के इन आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “हे प्रभु जगन्नाथ, भटके हुए को रास्ता दिखाएं।” दुबे ने साल 2011 के एक कानून का हवाला देते हुए कहा कि राज्यों में पेट्रोल में मिलावट की जिम्मेदारी संबंधित राज्य सरकारों की होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि कर्नाटक में अपने मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी केंद्र सरकार पर आरोप क्यों लगा रहे हैं।
वहीं, बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने भी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एथनॉल को लेकर बिना रिसर्च किए भ्रम फैला रहे हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि एथनॉल का उत्पादन किसानों की फसलों से होता है और इसका इस्तेमाल पूरी दुनिया में किया जाता है। उन्होंने राहुल गांधी पर किसानों का अपमान करने का आरोप भी लगाया।
शाहनवाज हुसैन ने वोट चोरी के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर ईवीएम को सही बताती है, जबकि हारने पर सवाल उठाती है। उनके मुताबिक, रामलीला मैदान की रैली के बाद कांग्रेस लगातार नए मुद्दे उठा रही है और अब एथनॉल का मुद्दा उठा रही है।
