उत्तर प्रदेश में पुलिस आरक्षी से उपनिरीक्षक (दरोगा) बने अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस में सिपाही के पद से प्रमोशन पाकर दरोगा बने 2025 बैच के चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए प्रशिक्षण के दौरान जमा कराए गए बांड की करीब 8 लाख रुपये तक की रिकवरी माफ करने का निर्णय लिया है।
दरअसल, यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 के तहत कुल 4,543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें लगभग 1,700 ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जो पहले से आरक्षी के पद पर कार्यरत थे। दरोगा पद पर चयनित होने के बाद इन अभ्यर्थियों के सामने पुरानी ट्रेनिंग और वेतन पर खर्च हुई रकम लौटाने की शर्त आ गई थी।
प्रभावित अभ्यर्थियों का कहना था कि वे पुलिस विभाग की नौकरी छोड़कर किसी दूसरे विभाग में नहीं जा रहे, बल्कि उसी यूपी पुलिस में उच्च पद पर अपनी सेवाएं देने जा रहे हैं। इसके बावजूद उनसे लाखों रुपये की वसूली की मांग की जा रही थी।
बताया गया कि कुछ अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण खर्च के 2,70,982 रुपये और वेतन के 4,63,150 रुपये सहित कुल 7.34 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया था। इस समस्या को लेकर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर राहत की मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री के फैसले के बाद अब संबंधित अभ्यर्थियों को बांड राशि की रिकवरी से राहत मिलेगी। इससे वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के उपनिरीक्षक के पद पर अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकेंगे।
